एटा। कोरोना वायरस की वजह से जिला कारागार में मुलाकात पर पाबंदी लगाई गई है। इसके चलते इस बार बहनें अपने भाइयों को कारागार में राखी नहीं बांध पाएंगी। बहनों की राखी भाइयों तक पहुंचाने के लिए पुलिस महानिदेशक और कारागार महानिरीक्षक की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं। बहनें एक अगस्त तक अपनी राखियां भेज सकती हैं।
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर बहनों की राखी, अक्षत चावल, रोली व राखी से संबंधित अन्य सामग्री एक लिफाफे में बंद करके बहनें एक अगस्त तक मुलाकाती मिश्राम स्थल अथवा मुख्य द्वार पर बने संतरी पोस्ट को प्राप्त करा सकती हैं। लिफाफे पर बंदी का नाम, पिता का नाम, बैरक संख्या और कारागार में प्रवेश का दिनांक लिखना होगा।
जिला कारागार अधीक्षक पीपी सिंह ने बताया है कि एक अगस्त की शाम तक प्राप्त करने के पश्चात लिफाफे सैनिटाइज किए जाएंगे और तीन अगस्त को बंदियों को दे दिए जाएंगे। कोरोना प्रोटोकॉल के चलते बंदियों की बहनों से प्रत्यक्ष मुलाकात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। बंदियों के लिए त्योहार पर विशेष प्रकार के भोजन की व्यवस्था की जाएगी।