धीरेंद्र शास्त्री का पुतला दहन के दौरान पुलिस व अधिवक्ताओं में होती झड़प। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
एटा। बागेश्वर धाम के महंत पंडित धीरेंद्र शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। आक्रोशित अधिवक्ताओं ने कचहरी के पास उनका पुतला दहन का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पुतला छीन लिया। इस दौरान अधिवक्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प भी हुई। इससे पहले अधिवक्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन को लिखित शिकायत सौंपकर धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। अधिवक्ताओं का आरोप है कि उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की है।
इससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग उठाई। अधिवक्ता सर्वेंद्र यादव ने बताया कि कथित टिप्पणी के विरोध में अधिवक्ता एकत्र हुए थे। सभी ने एसएसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे कचहरी के पास पुतला दहन करने पहुंचे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने पुतला छीन लिया। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच झड़प हो गई।
प्रदर्शन में पूर्व उपाध्यक्ष सर्वेंद्र यादव, पूर्व अध्यक्ष रमेश यादव, श्यामवीर सिंह यादव, प्रशांत यादव, अविनाश यादव, दिनेश यादव रानू, संदीप यादव, पुष्पलता यादव, अर्जुन सिंह यादव, प्रवेंद्र यादव, लोकेंद्र वर्मा, अवधेश शाक्य रहे। संवाद