जलेसर। क्षेत्र के गांव धर्मगढ़ी में चल रहे विद्युतीकरण कार्य में टिनशेड के ऊपर होकर निकाली जा रही लाइन का गांव के लोगों ने विरोध जताया है। आरोप है टिनशेड में पशुपालन होता है, इसलिए तार टूटने पर हादसा हो सकता है।
इस समस्या पर गांव के प्रेमपाल सिंह, हरीसिंह, क्षेत्रपाल सिंह ने एसडीएम भावना विमल से बुधवार को मुलाकात कर शिकायत की। इसमें बताया कि गांव के राकेश ने नलकूप का कनेक्शन लिया है। नलकूप तक बिजली आपूर्ति पहुंचाने के लिए लाइन डाली जा रही है।
टिनशेड के ऊपर से बिजली की लाइन डाले जाने की मना करने पर भी विद्युत निगम के एसडीओ नहीं मान रहे हैं। एसडीएम ने मामले की जांच कराकर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। शिकायत के समय गांव के प्रमोद, देशराज, मनोज, मुकेश, उमाशंकर सिंह सहित अनेक किसान मौजूद रहे।