नोट बंदी के 13वें दिन भी कतार, इंतजार और एटीएम के बंद द्वार को देखकर बीता। जिले की बैंक शाखाओं में लोगों की कतारें लगी रहीं। बैंकों मेें सोमवार को कतारों और भीड़ का रोज जैसा आलम नजर आया।
बैंकों में लोग लाइन में लगकर नकदी निकासी का इंतजार करते रहे। बैंकों में कैश नहीं होने से लोग मायूस होकर लौटे। जिन्हें कैश मिला, उनके अंगुली पर स्याही लगाने के इंतजाम नदारद नजर आए। जिले के कचहरी रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में वरिष्ठजनों को 12 बजे तक कैश मिला, बाकी के लोग वापस लौटे।
केनरा बैंक में काउंटर लगाकर कैश का वितरण कर जल्दी कैश खत्म हो जाने से लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। इलाहाबाद बैंक में दोपहर बाद कैश आया, शहर के अरुणा नगर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में लोगों को नकदी वितरित की गई।
पोस्ट आफिस में भी नकदी नहीं होने के चलते लोगों को मायूसी झेलनी पड़ी। कई बैंकों में लाइन के दौरान लोगों में धक्का-मुक्की भी हुई। लोग काम काज, नौकरी छोड़कर लाइनों में इंतजार करते रहे। लोगों ने एटीएम की ओर दौड़ लगाई, तो एटीएम के भी शटर गिरे रहे। जिले में कचहरी रोड स्थित केनरा बैंक, जीटी रोड स्थित सेंट्रल बैंक, केनरा बैंक के एटीएम से लोगों ने नकदी निकासी की। मगर अन्य एटीएम अब तक अपडेट होने की राह ताक रहे हैं।