एटा। सर्दी का प्रकोप जारी है। उच्चाधिकारियों के निर्देश हैं कि सर्दी से बचाव के लिए अस्पतालों में मरीजों के वार्ड में हीटर लगाए जाएं। मेडिकल कॉलेज में किसी भी वार्ड में मरीजों के लिए हीटर नहीं लगाए गए हैं। प्रसूताओं के वार्ड में भी हीटर नहीं लगे हैं। ऐसे में प्रसूता सहित अन्य वार्डों में भर्ती मरीज सर्दी से ठिठुर रहे हैं।
दिसंबर माह में उच्चाधिकारियों ने निर्देश दिए थे कि मेडिकल कॉलेज में वार्ड में मरीजों के लिए हीटर आदि की व्यवस्थाएं की जाएं। एक या दो वार्ड को छोड़ दें तो अन्य किसी वार्ड में हीटर नहीं लगाए गए हैं। मेडिकल कॉलेज में 300 बेड हैं। यहां इमरजेंसी, सर्जिकल सहित स्त्री एवं प्रसूति विभाग में मरीजों की भरमार रहती है। मंगलवार को वार्ड में भर्ती पवांस निवासी मधू ने बताया उसकी पुत्रवधू सोमवार से भर्ती है। वार्ड में भर्ती मरीज को पतला सा कंबल दिया गया है इससे सर्दी रुकने का नाम नहीं ले रही है। घर से कंबल लाए हैं। वार्ड में हीटर भी नहीं लगा है।
साहपुर मिलावली निवासी बबिता ने बताया सोमवार को उसे प्रसव हुआ। यहां सर्दी से बचाव का इंतजाम नहीं है। सर्दी से बचने के लिए कंबल-रजाई घर से मंगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि हीटर नहीं लगे हैं। दूसरे वार्ड में भर्ती प्रसूता सुनीता, मीना के परिजन ने बताया कि वार्ड में सर्दी से बचने के लिए हीटर नहीं लगे हैं। यहां से तो पतला कंबल मिलता है उससे कहां सर्दी बचती है। मामले की जानकारी मंगलवार को डीएम को दी गई। डीएम ने प्राचार्य से हीटर आदि के बारे में जानकारी ली।
वार्ड में हीटर लगाने के निर्देश सीएमएस को दिए गए हैं। कुछ हीटर खराब हैं उनको सही कराया जा रहा है। नए हीटर भी खरीदने के निर्देश दिए जा चुके हैं। - डॉ. संदीप गुप्ता, प्राचार्य