पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतका के परिजन। संवाद
एटा। एक माह पूर्व शहर के एक अस्पताल पर प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। परिजन आगरा ले गए वहां इलाज के दौरान सोमवार को महिला की मौत हो गई। परिजन ने अस्पताल के चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया।
गांव पलरा थाना बागवाला निवासी देवेंद्र ने बताया कि 4 वर्ष पूर्व बाबूपुर जिला कासगंज निवासी गीता (25) के साथ विवाह हुआ था। पहले से एक बेटी है और एक माह पूर्व शिकोहाबाद मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में बेटी का जन्म हुआ। तीन दिन बाद घर जाने पर अचानक से गीता की तबीयत बिगड़ने लगी। फिर से लेकर उसी अस्पताल पर आए। यहां 4 दिन तक इलाज चला मगर हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। यहां से चिकित्सक ने आगरा रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान सोमवार की देर शाम गीता की मौत हो गई।
मंगलवार को मृतका के मायके वालों ने अस्पताल के चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। तहरीर मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।