फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Etah News: खुदा की बारगाह में अमन और शांति के लिए की दुआ

Sun, 22 Mar 2026 01:10 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, एटा
विज्ञापन
शहर के पोता नगल ​स्थित ईदगाह पर एक-दूसरे को गले मिल ईद की बधाई देते बच्चे।संवाद
विज्ञापन
एटा। ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह होते ही ईदगाहों और मस्जिदों में भीड़ रही। नए परिधानों में सजे बच्चे-बुजुर्ग सभी ने नमाज अदा कर मुल्क की तरक्की, अमन व एकता की दुआ की। नमाज के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद देने का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। सुबह से ही शहर की गलियों में रौनक देखी गई। सुबह से ही लोग नमाज के लिए जाते दिखे और बाजारों में भी चहल-पहल रही।
विज्ञापन

शहर में ईदगाह जीटी रोड, ईदगाह पोता नगला पर सर्वाधिक भीड़ रही। पुरानी ईदगाह में ठीक सुबह 8 बजे हाफिज अजहर ने नमाज अदा कराई। उन्होंने संबोधन में कहा कि रोजों का महीना इंसान को सब्र, भाईचारा व सच्चाई की राह दिखाता है। ईद उसी इबादत और परहेजगारी की खुशी का दिन है नमाज के बाद लोग कब्रिस्तान पहुंचे जहां उन्होंने पुरखों को याद किया, दुआएं कीं और फातिहा पढ़ी। इसके बाद नए कपड़ों में सजे बच्चे, युवकों और परिवारों ने घर-घर जाकर मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हुआ और देर शाम तक चलता रहा। जिलेभर में ईद का त्योहार पूरी शांति, भाईचारे व उल्लास के साथ मनाया गया। प्रशासनिक सतर्कता और लोगों के सहयोग से हर स्थान पर त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। बच्चों की खिलखिलाहट, पकवानों की खुशबू और गले मिलने की परंपरा ने त्योहार की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए।



रंग-बिरंगे परिधानों और मिठाइयों ने बढ़ाई ईद की रौनक
नमाज के बाद घरों में पकवानों की खुशबू फैल गई। सेवइयां, मेवा युक्त खीर, कस्टर्ड, दही भल्ले व मीठे चावलों का स्वाद हर किसी ने लिया। शहर के सभी मोहल्लों में बच्चे ईदी पाकर उत्साहित नजर आए। पार्कों, सड़कों और बाजारों में ईद की चहल-पहल शाम तक जारी रही।
विज्ञापन




प्रशासन रहा अलर्ट सड़क से ईदगाह तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा
एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि सभी ईदगाहों व मस्जिदों के चारों ओर पुलिस बल तैनात रहा और जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई। एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश, एसएसपी श्याम नारायण सिंह, एएसपी सिटी श्वेताभ पांडेय, सीओ सिटी र्कीतिका सिंह, कोतवाली प्रभारी प्रेमपाल सिंह लगातार भ्रमण करते रहे। सुबह से दोपहर तक संवेदनशील क्षेत्रों में पीएसी और पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा।



राजा का रामपुर में भी झुके सिर
राजा का रामपुर। कस्बा में ईद का पर्व उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से लोग नए कपड़ों में मस्जिदों और ईदगाहों पर नमाज अदा करने पहुंचे जहां भीड़ रही। थाना क्षेत्र की करीब आठ मस्जिदों व ईदगाहों पर अमन-चैन की दुआओं के साथ शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदा की गई।
त्योहार को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक सत्यपाल सिंह के नेतृत्व में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। बाजारों में भी रौनक दिखी। मिठाई और सेवइयों की दुकानों पर भीड़ रही, लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और घर-घर जाकर मिठाइयां बांटी। पूरे कस्बे में शांति और सौहार्द का वातावरण बना रहा।



जलेसर में भी ईदगाह पर उमड़ी भीड़
जलेसर। मुस्लिम समाज ने शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार पूरे उल्लास व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों की ईदगाहों में सुबह से ही नमाजियों का तांता लगा रहा। ईदगाह पर शहर इमाम मोहम्मद असलम ने नमाज अता कराई और देश में अमन-चैन की दुआ की।
समसपुर रोड स्थित ईदगाह के पास विभिन्न राजनीतिक पार्टियों ने कैंप लगाकर मुस्लिम समाज के लोगों का स्वागत किया गया। इस्लामनगर, पठानान, सादात, ठगेलान, मेमरान, हथौड़ा आदि मोहल्लों में देर रात तक सजावट और तैयारियों का दौर चला। उपजिलाधिकारी भावना विमल, सीओ ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह, कोतवाली प्रभारी संजय राघव सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थल पर उपस्थित रहे।



जैथरा में गले मिलकर दी एक दूसरे को बधाई
जैथरा। कस्बा में शनिवार सुबह 9 बजे ईद-उल-फितर की नमाज शांतिपूर्वक अदा की गई। जैथरा, धरौली, नगला झूड़ा, नगला घनू, परौली सुहागपुर, फगनोल, धुमरी, गौहटिया खुर्द, मेंदूपुरा और नगला बधा मस्जिदों में भी नमाज अता की गई। सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। पूर्व चेयरमैन विजेंद्र सिंह चौहान ने गले मिलकर सभी को मुबारकबाद दी।



अलीगंज में नमाजियों से खचाखच भरा ईदगाह परिसर
अलीगंज। ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर शनिवार सुबह अलीगंज स्थित ईदगाह में गहरी आस्था, उत्साह और उल्लास के साथ ईद की नमाज अदा की गई। सुबह से ही नमाजियों का ईदगाह की ओर पहुंचना शुरू हो गया था। निर्धारित समय तक पूरा ईदगाह परिसर नमाजियों से खचाखच भर गया और आसपास की सड़कों पर भी लोगों की भीड़ दिखाई दी। इस दौरान उप जिलाधिकारी अलीगंज जग मोहन गुप्ता, क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह, कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और समय-समय पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन का पूरा सहयोग किया जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें