एटा/अलीगंज/जलेसर/अवागढ़/जैथरा/मारहरा/सकीट/निधौली कलां। सभी ब्लॉकों में मंगलवार दोपहर 3 बजे से नवनिर्वाचित प्रधानों और ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही गांव की नई सरकार अस्तित्व में आ गई। कुल 575 में से ग्राम पंचायत सदस्यों का कोरम पूरा होने वाली 545 पंचायतों में शपथ ग्रहण कार्यक्रम पंचायत भवन और विद्यालयों में कराए गए। नामित नोडल अधिकारियों ने ब्लॉकों से वीडियो कांफ्रेंस के जरिए शपथ दिलाई। ब्लॉक शीतलपुर में डीडीओ एसएन कुशवाह, अलीगंज में नायब तहसीलदार लक्ष्मीकांत बाजपेई, अवागढ़ में बीडीओ सोमनाथ मौर्य, सकीट में बीडीओ अनुज मिश्रा, निधौली कलां में बीडीओ निर्मल कुमार द्विवेदी, मारहरा में डीईएसटीओ रमेश चंद्र, जलेसर में नायब तहसीलदार विक्रम सिंह चाहर और जैथरा में बीडीओ अशोक कुमार सिंह ने शपथ दिलाई।
ब्लॉक पर सन्नाटा, ग्राम पंचायतों में रौनक
ग्राम पंचायतों में दोपहर दो बजे से वर्चुअल शपथ के लिए तैयारियां चलने लगीं। तमाम लोग भी एकत्रित हो गए। एडीओ, ग्राम पंचायत सचिव समेत तकनीकी कर्मचारी भी मौजूद रहे। शपथ ग्रहण कार्यक्रम पूरा होने तक गांवों में खूब रौनक रही। जबकि विकासखंड मुख्यालयों पर नोडल अधिकारी और एक-दो कर्मचारी ही दिखे।
घूंघट की ओट में ली शपथ
नवनिर्वाचित महिला ग्राम प्रधानों ने भी शपथ ली। कार्यक्रम के दौरान बुजुर्ग समेत गांव के अन्य लोग मौजूद रहे। जिसके चलते कई महिला प्रधानों ने लिहाज करते हुए घूंघट डालकर शपथ ली।