निधौलीकलां। कस्बे सहित देहात क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह गड़बड़ाई हुई है। कोई न कोई समस्या बनी रहने से लोगों को पर्याप्त बिजली आपूर्ति लंबे समय से नहीं मिल पा रही है। कस्बे के प्रजानगर में चार दिन से और थाना मार्ग का ट्रांसफार्मर दो दिन से फुंका हुआ है, जिससे 400 से अधिक मकानों की बिजली बाधित है।
कस्बे के प्रजानगर में बिजली आपूर्ति को 250 केवीए का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है, जो कस्बे सहित देहात क्षेत्र के कई गांव को बिजली आपूर्ति करता था। ट्रांसफार्मर फुंकने से 200 से अधिक मकान की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद है। प्रजानगर के फुंके ट्रांसफार्मर की समस्या का समाधान हो भी नहीं सका था कि पुलिस थाने मार्ग पर रखा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर दो दिन पहले फुंक गया। इस ट्रांसफार्मर से भी कस्बे सहित देहात क्षेत्र के कई गांव को बिजली आपूर्ति दी जाती थी। अधिशासी अभियंता ओपी कुशवाह ने कहा तेज आंधी में हुए नुकसान में पूरी टीम के व्यस्त होने के कारण कस्बे के ट्रांसफार्मर नहीं बदले जा सके। दोनों ट्रांसफार्मर शुक्रवार की देर शाम तक शिफ्ट कराने को कहा गया है।