एटा। जैथरा थाना क्षेत्र के गांव बरना में सोमवार को 20 वर्षीय डाकपाल का शव फंदे पर लटका मिला। बताया जा रहा है कि युवक कासगंज जिले में तैनात था। दिसंबर 2023 में ही नौकरी लगी थी। काम के दबाव से परेशान चल रहा था।
बरना निवासी राजेश पांडेय ने बताया कि भतीजा आनंद पांडेय (20) शनिवार को घर आया था। रविवार की शाम के घर पर ही सोया था। सोमवार को हम लोग रक्षाबंधन की तैयारी में लगे थे। तभी आनंद अपने ही घर में पड़े छप्पर में चला गया और दरवाजा बंद करके अंदर से कुंडी लगा ली। उसके बाद वहां रखी हुई चादर का फंदा बनाकर उससे लटक गया। किसी काम से उसके ताऊ वहां पहुंचे तो दरवाजा बंद देखकर लौट आए।
उन्होंने बताया कि काफी देर बाद भी जब यह घर से नहीं निकला तो इसकी ताई ने आकर दरवाजा खटखटाया। उसके बाद भी जब कोई जबाब नहीं मिला तो मोहल्ले के एक युवक ने दीवार पर चढ़कर अंदर आकर दरवाजा खोला। वहां देखा कि आनंद तो छप्पर के बांस से फंदे पर लटका हुआ है। उसको फंदे से उतारा, तब तक मौत हो चुकी थी। सूचना पर थाना प्रभारी राज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि इसके पिता कौशल किशोर, मां व छोटे दो भाइयों को लेकर धारूहेड़ा हरियाणा में रहते हैं।
आनंद पांडेय कासगंज जिले के मोहनपुरा में किराए पर कमरा लेकर रहता था। हर शनिवार को गांव आता था। मोहनपुरा के पास कुतुबपुर में शाखा डाकपाल के पद पर तैनात था। ताऊ राजेश पांडेय ने बताया कि 8 माह पूर्व ही इसकी नौकरी लगी थी, पिछले कई दिनों से काम का अधिक दबाव बता रहा था। हो सकता इसी कारण से इसने यह कदम उठाया हो। सीओ सुधांशु शेखर का कहना है कि मामले की तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।