जलेसर। एसडीएम के आदेश के बाद भी पीड़ित दंपती को जमीन पर कब्जा नहीं मिल सका है। मंगलवार को दंपती ने फिर एसडीएम से शिकायत की।
क्षेत्र के गांव नगला पृथ्वी निवासी लता और पति ध्यान प्रकाश ने एसडीएम भावना विमल को बताया कि पड़ोस के गांव रामरायपुर में दो साल पहले पुत्तू सिंह और मुनेश कुमार से जमीन खरीदी थी। उस समय जमीन पर किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं था। खेत खरीदने के बाद जोतने के लिए गए तो गांव के कुछ लोगों ने विरोध कर दिया।
हर बार गालीगलौज करते हुए भगा दिया। पांच दिन पहले एसडीएम ने लेखपाल और पुलिस को जमीन की पैमाइश कर पीड़ित दंपती को जमीन पर कब्जा दिलाने का आदेश दिया था। इसके बावजूद लेखपाल और पुलिस ने काेई कार्रवाई नहीं की है। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पैमाइश के लिए टीम का गठन करते हुए कोतवाली प्रभारी से पैमाइश के समय मौजूद रहने और पीड़ित को कब्जा दिलाने को कहा है। संवाद