फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Etah News: हाथों में पूजा की थाली, आई रात सुहागों वाली...

Sun, 20 Oct 2024 11:48 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, एटा
विज्ञापन
विज्ञापन
एटा। करवाचौथ पर्व रविवार को उत्साह के साथ पारंपरिक रूप से मनाया गया। सुहागिनों ने दुल्हनों की तरह शृंगार किया। सुबह से निर्जला व्रत रखा। देर शाम चंद्रमा के दर्शन और पूजन कर व्रत खोला। पति की दीर्घायु की ईश्वर से कामना की। वहीं साज-शृंगार के साथ महिलाओं और दंपतियों में सेल्फी-फोटो लेने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा। फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर लोगों को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
विज्ञापन

सुबह से महिलाओं में करवाचौथ को लेकर उत्साह देखने को मिला। सबसे पहले साफ-सफाई की गई। इसके बाद घरों में दोपहर से पकवान बनाने का सिलसिला शुरू हो गया। शाम होने पर पूजन की तैयारियां की गईं। सुहागिनों ने शादी के जोड़े या नई साड़ी, लहंगा पहन दुल्हन की तरह शृंगार किया। सूर्य ढलते ही घरों की छतों पर रौनक बिखरने लगी। महिलाओं के साथ ही उनके पति, बच्चे आदि छतों पर पहुंचकर पूजन की तैयारियां कराने लगे।
चंद्रमा निकलते ही महिलाओं ने पहले चंद्रदेव को अर्घ्य दिया। उसके बाद छलनी में दीपक जलाकर पहले चंद्रमा के दर्शन किए। फिर पति का दीदार किया। पति के हाथों से पानी पिलाकर व्रत खोला। पुरुषों ने अपनी पत्नियों को उपहार दिए। इसके बाद महिलाओं ने घर के बड़ों का आशीर्वाद लिया। वहीं, चंद्रमा निकलने पर हर ओर आतिशबाजी चल उठी। लोगों ने पटाखे चलाकर खूब धूम-धड़ाका किया, दिवाली जैसी झलक देखने को मिली।
विज्ञापन

इंद्रपुरी कॉलोनी में करवाचौथ पर सामूहिक पूजन कार्यक्रम आयोजित किया। यहां विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजन कर एक-दूसरे से गले मिलकर शुभकामनाएं दीं। वहीं, परिवार की बड़ी-बुजुर्ग महिलाओं का आशीर्वाद लिया।
मिठाई की दुकानों पर रही भीड़
करवाचौथ पर पूजन के साथ मिठाई का विशेष महत्व है। एक ओर जहां पूजन में भोग लगाने के लिए मिठाई का प्रयोग किया जाता है। वहीं पुरुष अपनी पत्नियों को पूरे दिन के व्रत के बाद मिठाई खिलाना पसंद करते हैं। शहर के घंटाघर, हाथी गेट, रेलवे रोड, जीटी रोड पर स्थित मिठाई की दुकानों पर दोपहर से ही लोग पहुंचना शुरू हो गए थे। शाम के समय मिठाई खरीदने के लिए काफी भीड़ हो गई और लोगों को धक्का-मुक्की के बीच खरीदारी करनी पड़ी। जबकि देर शाम तक अधिकांश मिठाई समाप्त हो चुकी थीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें