पिटाई से क्षुब्ध छात्र के आत्मघाती कदम उठाने पर शनिवार को विद्यार्थी
सड़कों पर उतर आए। उन्होंने कालेज में प्रधानाचार्य से कार्रवाई की मांग
की, लेकिन फटकार मिली। इस पर उन्होंने पहले पुलिस चौकी का घेराव किया। बाद
में सभी स्कूलों को बंदा करा दिया। सभी विद्यार्थी मैन चौराहे पर एकत्रित
हो गए और एटा-कासगंज मार्ग ठप कर दिया। कुछ छात्रों ने प्रधानाचार्य के
आवास पर तोडफ़ोड़ भी की।
आरोप है कि राष्ट्रीय इंटर कालेज जिन्हैरा में
12वीं कक्षा के छात्र सदानंद को ट्यूशन नहीं पढ़ने पर शिक्षक ने जमकर पीटा
था। इससे क्षुब्ध सदानंद ने शुक्रवार को फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर
पुलिस भी पहुंच गई। लेकिन मामले में मुकदमा दर्ज नहीं किया। इससे गुस्साए
विद्यार्थी दूसरे दिन कालेज पहुंच गए। प्रधानाचार्य से आरोपी शिक्षक के
खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लेकिन उन्हें फटकार कर स्कूल से भगा दिया गया।
इस पर छात्र-छात्राएं भड़क गए। पौने नौ बजे मिरहची स्थित पुलिस चौकी का
घेराव कर लिया। इसके बाद भी उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ और कस्बा के सभी
सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों को बंद करा दिया। छात्रों ने कस्बा के मैन
चौराहे पर आकर जाम लगा दिया। छात्रों ने पुलिस और कालेज प्रशासन के खिलाफ
जमकर नारेबाजी की। करीब घंटेभर बाद पहुंचे सीओ सदर से आरोपी शिक्षक की
गिरफ्तारी और कालेज प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने एसएसपी
के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
इस दौरान रीता यादव, भारती राजपूत, शिखा यादव,
भावना, आशा यादव, विमलेश, विनीता परमार, सुजाता, बीनेश, विनय कुमार, आशीष,
जितेंद्र, मानपाल, अभिषेक, विशाल, मनीष कुमार आदि विद्यार्थी मौजूद थे।
::::::::::::::::::
बाजार बंद कराने की कोशिश की
=सीओ
सदर डीएस गब्र्याल के समझाने पर छात्रों ने जाम तो खोल दिया, लेकिन सभी
छात्र प्रधानाचार्य ओसान सिंह के आवास पर पहुंच गए। आवास के बाहर लगे बिजली
के बल्ब, नेमप्लेट और गेट के कुंडे तोड़ डाले। इसके बाद छात्रों ने कस्बा
का बाजार बंद कराने का भी प्रयास किया, लेकिन व्यापार मंडल के अध्यक्ष की
अनुमति न मिलने के कारण ऐसा नहीं हो सका।
::::::::::::::::::
लोगों के दबाव में छोड़ा छात्र
==बाजार
बंद करा रहे विद्यार्थियों में शामिल एक छात्र को पुलिस ने पकड़ लिया। उसे
जबरदस्ती अपनी जीप में बिठा लिया। इससे लोगों में भी गुस्सा पनप गया।
लोगों के पूछने पर पुलिस का कहना था कि यह नेता बन रहा है। बाजार बंद कराने
की बात करता है। लेकिन कुछ लोगों की प्रतिक्रिया देख पुलिस को छात्र
छोड़ना पड़ा।
=अभी तक
पीड़ित परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही शिक्षक के
खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ---डीएस गब्र्याल, सीओ सदर।
मामले की जांच कराई जा रही है। शिक्षक को हटाने के आदेश भी दे दिए गए हैं। ---मनोज कुमार गिरि, जिला विद्यालय निरीक्षक, एटा।
===
चार
शिक्षकों की एक टीम गठित की है। सोमवार तक मामले की जांच कर रिपोर्ट
सौंपने के निर्देश दिए हैं। ----- सुभाष चंद्र शर्मा, प्रबंधक राष्ट्रीय
इंटर कालेज जिन्हैरा।