जलेसर। क्षेत्र की ग्राम पंचायत नगला मितन के गांव नगला गुलाब से एक बालक सोमवार की सुबह लापता हो गया। इसकी जानकारी पर पुलिस ने लापता बालक को जैथरा क्षेत्र से नौ घंटे में उसे ढूंढ़ निकाला।
लापता हुआ बालक सागर पड़ोस के गांव पिलखुन के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र है जो सोमवार की सुबह सात बजे घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए निकला था। एक घंटे की ट्यूशन पढ़ने के बाद वह घर जाने की बजाए संकिसा बौद्ध स्थल के लिए रवाना हो गया। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिवार में खलबली मच गई। तलाशने पर कोई सुराग न मिलने पर परिजन तनाव में आ गए। दोपहर 12 बजे बालक के लापता होने की जानकारी पुलिस को दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बालक की तलाश को सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू कर दिया।
कैमरों की फुटेज को देखकर कड़ी से कड़ी जुड़ने पर शाम पांच बजे बालक को जैथरा क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। बालक ने बताया वह एक बार परिजन के साथ संकिसा भगवान बुद्ध के दर्शन को गया था। फिर दर्शन की इच्छा होने पर ट्यूशन के बाद घर जाने की बजाए वह संकिसा के लिए चला गया। बालक के बरामद होने पर परिजन ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।