UP News: पुलिस ने शातिर चोरों को किया गिरफ्तार
- फोटो : सोशल मीडिया
उत्तर प्रदेश के एटा में थाना पिलुआ पुलिस, जनपदीय स्वॉट व सर्विलांस टीम ने बुधवार को सफलता प्राप्त की। गुलाबपुर गांव के पास एक दिन पहले हाईवे पर हुई डीसीएम की लूट की घटना का खुलासा किया। दो अंतरजनपदीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि चार फरार हैं। एक आरोपी ने कबूला है कि वह दूसरे के नाम का ड्राइविंग लाइसेंस आधार कार्ड रखकर लूट करता था।
एसएसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि आठ जुलाई को मोहम्मद हाजी मुकीम निवासी दुर्गेश नगर थाना रसूलपुर जिला फिरोजाबाद डीसीएम में लगभग 15 टन पीतल व लोहे का कबाड़ लेकर मुजफ्फरनगर जा रहा था। उसके साथ सादाब निवासी कस्बा व थाना रसूलपुर और चालक रिषि उर्फ सुशील निवासी ग्राम खेरीएमा थाना एका भी था।
रास्ते में कमसान पुल के पास रिषि ने अपने ही क्षेत्र के पिंटू को क्लीनर बताकर साथ ले लिया। थाना पिलुआ क्षेत्र में हाईवे पर गांव गुलाबपुर के पास एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात लोगों ने गाड़ी को रुकवा लिया। हम तीनों को पीटा और गाड़ी, सादाब का मोबाइल व लगभग नौ हजार रुपये लेकर फरार हो गए। हाजी मुकीम ने थाना पिलुआ में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस टीम ने 10 जुलाई को अभिषेक निवासी जिमिसपुर थाना सिकंदराराऊ जिला हाथरस व पिंटू निवासी नगला मोती थाना एका जिला फिरोजाबाद को पिलुआ थाना क्षेत्र में स्थित नगला दीप के पास जंगल से पकड़ लिया। इनके पास से डीसीएम के सामान सहित दो मोबाइल और 2200 रुपये की नकदी बरामद की गई है।
एसएसपी ने बताया कि सुशील उर्फ रिषि अपनी पहचान छुपाकर मनोज निवासी त्रिलोकपुरा जैखुआ थाना कुरावली जिला मैनपुरी के नाम से डीएल व आधार कार्ड रखता था। घटना में शामिल रिषि उर्फ सुशील, अनुज निवासी ग्राम रतिभानपुर थाना सिकंदराराऊ जनपद हाथरस, संकेत निवासी खेरीएमा जनपद फिरोजाबाद, कौशल निवासी ग्राम रतिभानपुर थाना सिकंदराराऊ फरार हैं।