राजा का रामपुर। ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को उभारने के लिए प्रदेश सरकार के स्तर से कई योजना संचालित की जा रही है। अलीगंज ब्लॉक में एक खेल मैदान तबेला बन गया है। खिलाड़ियों को अभ्यास करने का स्थान नहीं मिल रहा है। ब्लॉक क्षेत्र में कुल 41 खेल मैदान राजस्व अभिलेखों में दर्ज हैं। हालांकि, इन अधिकांश खेल मैदानों पर अवैध कब्जे हो गए हैं जिससे वे तबेले में बदल गए हैं।
ग्रामीण इन मैदानों पर मवेशी बांधते हैं और गोबर से उपले बनाते हैं। ब्लॉक में कई होनहार युवा हैं जिन्होंने जिले से लेकर राष्ट्र स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। संसाधनों और मैदानों के अभाव में ऐसी अनेक प्रतिभाएं दम तोड़ रही हैं। पहरा गांव के खेल मैदान पर तो आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालय भी बना दिया गया है। वहीं, कुछ मैदानों पर लोगों ने भवन भी बना लिए हैं।
अतिक्रमण से प्रभावित गांव
ब्लॉक क्षेत्र के कई गांवों में खेल मैदान राजस्व अभिलेखों में दर्ज हैं। इनमें अंगरैया जमुनाई, पीपरगांव, विथरा, अलियापुर, रंधीरपुर, विजयपुर, जहांनगर, ससोता दोषपुर, कंचनपुर आसे नंबर-1, कंचनपुर आसे नंबर-2, गेवर असदुल्लापुर, गढ़िया जगन्नाथ, किशनपुर और जनासी हैं। इनके अलावा साडरपुर, मिहुता, तमरौरा, अमोघपुर भाटान, अलीपुर, सराय अगहत, खरसुलिया, विछोरागंग, कलुआ टीलपुर, नगला बल्लभ, नावर, देवतरा, झकरई, नदराला, जाटोराभान, राजा का रामपुर देहात आदि भी शामिल हैं।
गोला फेंक में दो बार राज्य स्तर पर खेल चुका हूं लेकिन संसाधन और मैदान के अभाव में अभ्यास नहीं हो पाता है। इससे खेल छूट गया। खेल मैदानों पर अतिक्रमण होने पर युवाओं को सही स्थान नहीं मिल पा रहा। -सरल श्रीवास्तव, एथलीट
गांवों में खेल प्रतिभाएं दम तोड़ रही हैं। शारीरिक विकास के लिए खेल का अभ्यास आवश्यक है। खेल मैदान पर अतिक्रमण होने पर युवा खेलने के लिए इधर-उधर भटकते हैं। - मंतोष कुमार, जहान नगर
गांव में खेल के मैदान की जगह तो है लेकिन वहां अतिक्रमण है। इससे खेल में रुचि लेने वाले युवाओं की प्रतिभा गांव में ही दबकर रह जाती है। गांव में खेल मैदान को विकसित किया जाना चाहिए। - पवन कुमार, प्रधान किशनपुर
तहसील क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायत के खेल मैदानों की जांच कराकर उनको विकसित कराया जाएगा। वे मैदान जिन पर अतिक्रमण है उन्हें अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। - जगमोहन गुप्ता, एसडीएम
सरल श्रीवास्तव, एथलीट
सरल श्रीवास्तव, एथलीट
सरल श्रीवास्तव, एथलीट