निधौली कलां। ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन बृहस्पतिवार को निधौली ब्लॉक मुख्यालय पर उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी अमित सक्सेना और जिला ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेश यादव ने संयुक्त रूप से किया।
कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह का शुभारंभ किया। 50 मीटर रेस में बालक वर्ग में ऋतिक पलिया, हर्षित मोहकमपुर और अरविंद रामनगर ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया जबकि बालिका वर्ग में अंशिका करूआमई, विद्या होर्ची और प्रांशी नौजरपुर विजेता रहीं।
इसी प्रकार 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 600 मीटर दौड़ में शमीम होर्ची, प्राची होर्ची, गुलशन खंगारपुर, करीना गणेशपुर, रेशमा नौजरपुर, रितिका धोलेश्वर समेत कई छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्राथमिक बालक कबड्डी में अढ़ापुरा ने प्रथम तथा निधौली ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में होर्ची प्रथम व खंगारपुर द्वितीय रहा। जूनियर कबड्डी में होर्ची ने दोनों वर्गों में बाजी मारी। खो-खो में पलिया और होर्ची की टीमों के बीच कड़ी टक्कर रही।
गोला फेंक और चक्का फेंक में आर्यन नगला बंदी, करीना गणेशपुर, निर्दोष बिदिरिका और रिया धोलेश्वर ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किए। समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज निधौली कलां रजनीश यादव, ब्लॉक व्यायाम शिक्षक जयराम सिंह, मातादीन यादव, वीरेश यादव सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।