कटान रोकने के लिए लगाए मिट्टी से भरे बैग
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
हजारा नहर में जलस्तर बढ़ने के कारण टूटे बंधे को नहर विभाग ने सही कर लिया है। प्लास्टिक बैग में मिट्टी भरकर कटान रोकने के लिए सड़क किनारे भी कटान रोधी कार्य किया जा रहा है।
गौरतलब हो कि ‘अमर उजाला’ ने 22 जून के अंक में नहर के बंधे में कटान की लाइव फोटो के साथ खबर प्रकाशित की थी, साथ ही जिलाधिकारी को इस मामले की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने इस मामले को संज्ञान में लिया और नहर विभाग को कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नरौरा बैराज से नहर में पानी को रोका गया। बुधवार को नहर में कटान रोकने का कार्य शुरू कर दिया गया था। शुक्रवार को यह कटान पूरी तरह से रोक दिया गया। कटे हुए बंधे की मरम्मत कर दी गई। साथ ही देर सांय तक कटान को रोकने के लिए मिट्टी से भरे प्लास्टिक बैग डाले गए। अलीगढ़ से नहर विभाग के अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। नहर के कटान की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से वार्ता की। नहर विभाग के अधिकारियों ेन अपने मोबाइल नंबर भी ग्रामीणों को दिए है, जिससे कभी भी कटान की सूचना उन्हें तुरंत मिल सके। जिलाधिकारी के विजयेन्द्र पाण्डियान ने अमर उजाला को बताया कि नगला बीच पर बंधा कट गया, जिसकी मरम्मत करा दी गई है। नहर की रेकी के निर्देश नहर विभाग को दिए है, जिससे किसी अन्य स्थान पर कटान की स्थिति की जानकारी मिल सके और समय रहते उस पर कार्य हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है।