एटा। शहर के शिकोहाबाद रोड स्थित प्रेम नगर चौराहे पर पानी की पाइपलाइन टूटने की वजह से आधा दर्जन से अधिक मोहल्ले पानी की सप्लाई से प्रभावित हो गए। वहीं पाइप लाइन की मरम्मत कराने के लिए खोदा गया गड्ढा भी लोगों के निकलने में मुसीबत बन रहा है। शिकोहाबाद रोड पर पिछले तीन दिन से पानी की पाइपलाइन टूटी हुई थी इसकी वजह से पानी बर्बाद हो रहा था। यहां पर नगर पालिका परिषद की ओर से पानी की पाइपलाइन को ठीक कराया जा रहा है इसकी वजह से लोगों को अपने चार पहिया वाहन भी निकालने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं घरों में पानी की सप्लाई न आने की वजह से भी लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में चैत्र नवरात्र चलने की वजह से लोग घरों में साफ-सफाई के साथ धुलाई भी करते हैं लेकिन पानी की सप्लाई न पहुंचने की वजह से लोग परेशान हैं।
बारह बीघा में नहीं पड़ी पानी की सप्लाई
नगर पालिका परिषद द्वारा आज तक मोहल्ला बारह बीघा में पानी की सप्लाई नहीं डाली, जिसकी वजह से लोगों को गर्मी में पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत सप्लाई न आने पर लोगों को आसपास लगे हैंडपंप का सहारा लेना पड़ता है। पानी की सप्लाई नहीं पहुंचने से सबसे ज्यादा प्रेमनगर, नई बस्ती, शिकोहाबाद रोड, राधा विहार, स्वर्णपुरी मोहल्ला प्रभावित हो रहे हैं।