एटा। बढ़ता तापमान लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। बढ़ती गर्मी से लोग डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) के शिकार हो रहे हैं। निजी अस्पतालों से लेकर मेडिकल कॉलेज में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को इमरजेंसी व ओपीडी में 50 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। चिकित्सक उपचार के साथ बचाव की सलाह दे रहे हैं।
दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों में जीना मुहाल हो गया है। बढ़ता तापमान लोगों की सेहत पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। विशेषज्ञों के शरीर का तापमान संतुलित रखने के लिए हमें पसीना ज्यादा आता है। ऐसे में पानी की मात्रा बनाए रखने के लिए पानी अधिक पीना चाहिए। अगर पानी कम पीते हैं तो डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। शरीर में पानी की कमी होने से मिनरल्स की कमी हो जाती है। यह खतरनाक भी हो सकता है।
डिहाइड्रेशन के लक्षण
चक्कर आना, घबराहट होना, रूखी त्वचा, गला सूखना, थकान व कमजोरी महसूस होना, पीले रंग का पेशाब आना आदि लक्षण हैं।
पानी की कमी की बजह
साधारणतया डिहाइड्रेशन तब होता है, जब शरीर में पानी की कमी होती है। धूप में घूमने से शरीर में पानी की कमी हो जाती है। इसके अतिरिक्त उल्टी, दस्त, बुखार, गलत खानपान आदि प्रमुख रूप से डिहाइड्रेशन के कारण हैं।
ऐसे करें बचाव
- धूप में घर से बाहर निकलने से बचें।
- तरल पदार्थों का सेवन करें।
- ताजा फल सहित सब्जियां खाएं।
- ओआरएस का प्रयोग करें।
- चाय, कॉफी जैैसे पेय पदार्थों का सेवन न करें।
डिहाइड्रेशन के मरीजों पर एक नजर
बृहस्पतिवार- 22
शुक्रवार को - 28
शनिवार- 36
सोमवार- 51
वर्जन
बढ़ती गर्मी में लोग डिहाइड्रेशन के शिकार हो रहे हैं। इससे बचने के लिए लोगों को तेज धूप में बाहर नहीं निकलना चाहिए। भरपूर मात्रा में पानी पीना चाहिए। दिक्कत होने पर चिकित्सक को दिखाकर उपचार लें। - डॉ. सुरेश चंद्रा, फिजीशियन मेडिकल कॉलेज
भीषण गर्मी में दिनभर परेशान रहे लोग
- दोपहर में तेज धूप के चलते बाजारों में रहा सन्नाटा
संवाद न्यूज एजेंसीएटा/अलीगंज। भीषण गर्मी से सोमवार को दिन भर लोग परेशान बने रहे। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दोपहर के समय धूप इतनी तल्ख थी कि लोग बाहर निकलने से कतराते रहे। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
मई में गर्मी के तेवर चरम पर पहुंचते महसूस हो रहे हैं। जबकि जून की गर्मी अभी बाकी है। सुबह 8 बजे के बाद से सूर्यदेव आग बरसाना शुरू कर देते हैं। जबकि दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक तो आलम यह हो जाता है कि बाहर निकलना संभव नहीं होता। वहीं घरों, कार्यालयों और प्रतिष्ठानों में दोपहर के वक्त लोग पसीने से तर-बतर देखे जा सकते हैं।
विद्युत कटौती बन रही मुसीबत
राजा का रामपुर। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती मुसीबत बन रही है। लगातार हो रही कटौती की वजह से लोग काफी परेशान हैं। पूरे दिन में 7 से 8 घंटे आपूर्ति मिल रही है। इस बीच कई बार ट्रिपिंग भी होत है। जिसकी वजह से विद्युत उपकरण खराब होने का खतरा बना रहता है। अनुज, सुरेश आदि ने बताया कि पूरे दिन में मात्र 8 घंटे बिजली मिल रही है। हर आधे घंटे बाद आपूर्ति बाधित हो जाती है। रात जागकर गुजारनी पड़ रही है। एसडीओ अलीगंज सोनू कुमार ने बताया कि ओवरलोड की वजह से विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती है। जल्द ही इसको सही कराया जाएगा।