एटा। मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को अब पर्चा बनवाने के लिए कॉलेज के पुराने भवन में नहीं जाना पड़ेगा। नए भवन में इंटरनेट की व्यवस्था हो गई है। भूतल पर 4 काउंटर की स्थापना की जा रही है। काउंटर की स्थापना होते ही पर्चा बनना शुरू हो जाएंगे।
दिसंबर माह में ओपीडी नए भवन में शुरू की गई थी। यहां ऑफलाइन मरीजों के पर्चे बन रहे थे। लखनऊ से निगरानी के दौरान पोर्टल पर एक भी मरीज नहीं दिखाई पड़ रहा था। इस पर पर्चा काउंटर को पुराने भवन में स्थानांतरित कर दिया गया था। वहां मरीजों के पर्चे ऑनलाइन बनने लगे, लेकिन ओपीडी में चिकित्सकों को दिखाने आने वाले मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें पुराने भवन से नए भवन की दौड़ लगानी पड़ती है।
मरीजों का कहना है कि इधर उधर चक्कर काटो तब जाकर इलाज मिलता है। इसी को लेकर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रजनी पटेल ने नए भवन में इंटरनेट का कनेक्शन कराने के निर्देश दिए। भवन में इंटरनेट का कनेक्शन हो गया है। इसके अलावा पर्चा के 4 काउंटर बनवाने के लिए भूतल पर निर्माण कार्य नए भवन में शुरू हो गया है। बताया गया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यहां पर्चा बनने लगेंगे। इससे ओपीडी में आने वाले मरीजों को दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। उन्हें नए भवन में ही सभी सुविधाएं मिल जाएंगी।