एटा/जलेसर/अलीगंज। गाजियाबाद में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या और हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज से वकीलों में आक्रोश है। शुक्रवार को भी पूरे जिले के वकीलों ने न्यायिक कार्य नहीं किया।
एटा में कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के महासचिव गिरीश चंद्र शर्मा ने बताया कि सभाकक्ष में शुक्रवार को शोकसभा की गई। इसमें गाजियाबाद में अधिवक्ता की हत्या पर शोक व्यक्त किया गया। साथ ही हापुड़ प्रकरण पर पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया गया। इसके तहत अधिवक्ताओं ने कामकाज नहीं किया। वहीं जिला समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा ने इस मामले में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आयुष चौधरी को दिया। कहा कि हापुड़ में अधिवक्ताओं के साथ निंदनीय घटना हुई है। घायल अधिवक्ताओं को 5-5 लाख रुपये की सहायता, एडवोकेट प्रोजेक्ट एक्ट लागू करने, घटना के दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जेल भेजे जाने, उच्च न्यायालय के पदस्थ न्यायमूर्ति से मामले की जांच और दोषी अधिकारी व कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित करने की मांग की। अरविंद यादव, सतेंद्र पाल सिंह, मनवीर यादव, जगन, आशुतोष शर्मा आदि रहे।
जलेसर में तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आकस्मिक बैठक बुलाई गईं। इसमें अधिवक्ताओं ने शासन-प्रसासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में आए दिन अधिवक्ताओं के साथ इस तरह की घटनाएं हो रहीं हैं जो शर्मनाक हैं। बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। अध्यक्ष ने घायल अधिवक्ताओं को 10-10 लाख रुपये मुआवजा, दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ एफआईआर की मांग रखी। सभी अधिवक्तागण न्यायिक कार्य से विरत रहे। बाद में राष्ट्रपति, राज्यपाल और डीजीपी के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम रामनयन सिंह को सौंपा। शैलेंद्र कुमार, केपी सिंह यादव, राजेश कुलश्रेष्ठ, दयाराम सिंह, रामनिवास यादव, अशोक कुमार सिंह रहे।
अलीगंज में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में वकीलों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन उप जिलाधिकारी वेद प्रिया मौर्य को दिया। हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी, मृतक अधिवक्ता के परिवारीजन को एक करोड़ रुपये तथा सरकारी नौकरी देने की मांग रखी। यह भी कहा कि अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू किया जाए। वहीं हापुड़ की घटना को लेकर भी आक्रोश जताया। सचिव अनिल कुमार अवस्थी, संतोष यादव, रतीराम, पुष्पेंद्र यादव, नरेश कश्यप, सुग्रीव यादव, प्रमोद सक्सेना, वेद प्रकाश यादव आदि थे।
फोटो-19
हाथों में डंडे लेकर किया प्रदर्शन
अलीगंज। ग्रामीण न्यायालय के अधिवक्ताओं ने आत्मरक्षा के लिए सांकेतिक रूप से हाथों में डंडे लेकर प्रदर्शन किया। न्यायिक कार्य से विरत होकर आरोपी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। उनका कहना था कि आए दिन अधिवक्ताओं के साथ घटनाएं घटित हो रहीं हैं। इसको सरकार को रोकना चाहिए। अनूप कुमार पांडेय, संजीव राजपूत, अमित शाक्य, देवेंद्र शाक्य, अर्जुन दुबे, कैलाश यादव, शीशराम वर्मा आदि रहे। संवाद