एटा। बुखार का प्रकोप जारी है, मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में 24 घंटे में 17 बुखार के मरीज पहुंचे। जबकि बच्चा वार्ड में दो बुखार के बच्चे भर्ती करने के बाद यह वार्ड फुल हो गया।
इन दिनों वायरल बुखार का प्रकोप चल रहा है। मेडिकल कॉलेज में जांच में अधिकांश बुखार पीड़ितों में मलेरिया व डेंगू नहीं निकल रहा है। यहां पीड़ितों में प्लेटलेट्स कम आने की शिकायत आ रही है। बुखार पीड़ितों की बात करें तो रविवार को मेडिकल कॉलेज की एमसीएच विंग में कैल्ठा निवासी रोहित व सकतपुर निवासी अंशु को बुखार में भर्ती किया गया। इनके भर्ती होते ही 10 बेड का बच्चा वार्ड फुल हो गया। हालांकि स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि चिकित्सक राउंड पर आएंगे। इस दौरान तीन बच्चों की छुट्टी की जाएगी। यह तीनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि इमरजेंसी में किदवई नगर निवासी आसिफ, लालगढ़ी निवासी लक्ष्मी, पिलुआ निवासी रोहित सहित 17 बुखार से पीड़ित मरीज भर्ती किए गए।