अलीगंज स्थित माता काली मंदिर ।
- फोटो : ETAH
अलीगंज। मेन बाजार माता महाकाली मंदिर की महिमा निराली है। भक्तों की मान्यता है कि मंदिर में जिसने सच्चे दिल से मां का स्मरण किया, उसकी हर मुराद पूरी हुई है। नवरात्रि पर्व पर यहां दर्शन को श्रद्धालु उमड़ते हैं।
इस मंदिर में माता महाकाली, दुर्गा मां, शिव परिवार तथा रामभक्त हनुमान की मूर्ति विराजमान हैं। मंदिर के उपर मां वैष्णोदेवी का दरबार है। 20 अक्तूबर 1993 को माता महाकाली मंदिर की नींव रखी गई थी। पूर्व राज्यमंत्री गेंदालाल गुप्ता सहित मंदिर कमेटी के अध्यक्ष नन्हे बाबू गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता, उमेश दीक्षित ने मंदिर निर्माण में बढ़चढ़ कर भाग लिया।
मंदिर के मुख्य पुजारी वीरेंद्र गुप्ता ने बताया कि मंदिर की स्थापना के समय भव्य माता महाकाली की मूर्ति के साथ-साथ शिव परिवार की स्थापना की गई। मंदिर में विशेष आस्था रखने वाले पूर्व राज्यमंत्री गेंदालाल की पत्नी राममूर्ति देवी को स्वप्न में माता ने कहा था कि मंदिर में वैष्णोदेवी के दरबार की स्थापना करें। जिसके बाद उन्होंने अपने परिवार में यह बात की और नगर के लोगों के सहयोग से माता वैष्णोदेवी की स्थापना 2002 में हुई। मंदिर पर भैरोबाबा की मूर्ति की भी स्थापना की गई। पुजारी का कहना है कि नगरवासियों की आस्था इस मंदिर से जुड़ी हुई है।
ऐसे पहुंचे मंदिर
नगला पड़ाव स्थित बस स्टैंड से मंदिर की दूरी करीब 750 मीटर है। यहां आसानी से ई-रिक्शा मिल जाते हैं। जो 10 रुपये भाड़ा लेकर मंदिर पर पहुंचा देते हैं। जबकि गौतमबुद्ध रोड मेन बाजार होकर पैदल पहुंचने में भी कोई दिक्कत नहीं है।