एटा। मिरहची कस्बा की सहकारी सोसायटी पर खाद के साथ किसानों को जबरन अन्य सामान दिया जा रहा है। अगर किसान इसे नहीं लेता है तो खाद नहीं दी जा रही।
सहकारी समिति मिरहची पर किसानों के साथ खाद देने में मनमानी की जा रही है। विंटू वर्मा, रवी कुमार आदि किसानों ने बताया कि समिति पर एक बोरी डीएपी के साथ 150 से 450 रुपये की सागरिका, नैनो यूरिया आदि सामान जबरन दिया जा रहा है। जबकि इस सामान का इस समय खेती में उपयोग ही नहीं है। किसान मनोज सिंह ने बताया कि लगेज लेने से मना किया तो समिति पर तैनात कर्मचारी किसानों के साथ अभद्रता करते हैं।
किसान विपिन कुमार ने बताया कि 1350 की डीएपी लगेज सहित 1500 तक में बेची जा रही है। यूरिया खाद है ही नहीं। बाजार में यूरिया की खरीद पर किसानों के साथ जबरन वसूली की जा रही है। उसके बाद भी प्रशासन मौन साधे बैठा है। समिति सचिव होडल सिंह ने बताया कि किसी भी किसान को लगेज के लिए बाध्य नहीं किया जाता है। जिन किसानों को जरूरत है वह ले सकते हैं।