एटा। ऑपरेशन जागृति अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना पिलुआ क्षेत्र में पुलिस टीम के साथ बालिकाओं और छात्राओं से संवाद कर जागरूक किया। कहा कि एक नवंबर से लोगों को जागृत करने का काम किया जा रहा है। इसका असर धरातल पर दिखाई देने लगा है और झूठे मुकदमों में कमी आई है।
कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित काशीराम कॉलोनी में एएसपी धनंजय सिंह कुशवाहा ने कहा महिलाएं और बालिकाओं के खुद सक्षम और जागरूक होने का समय आ गया है। खुद के लाभ और दूसरों को परेशान करने का नीयत नहीं रखनी चाहिए। ऐसा नहीं है कि आप किसी के साथ गलत करें तो आपके साथ ऐसा नहीं होगा, निश्चित होगा इस बात से डरना चाहिए। आप किसी के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराओगे तो कहीं न कहीं आप भी फंस सकते हैं।
सीओ सिटी विक्रांत द्विवेदी ने कहा कि वास्तविक रूप से महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध जो अपराध होते हैं, उनमें संगीन मामलों में प्रताड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं की मनोस्थिति काफी हद तक प्रभावित होती है। इसे रोकने लिए व्यवस्थाएं की गई हैं, जो गोपनीय तरीके से कराई जा रही हैं। रविवार को जिले में कुल 60 स्थानों पर ऑपरेशन जागृति के तहत कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं, बालिकाओं और लोगों को जागरूक किया गया।