एटा। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी तीन दिन की छुट्टी के बाद बुधवार की सुबह खुली तो मरीज उमड़ पड़े। इस दौरान पर्चा काउंटर पर 1230 मरीजों के पर्चे बने। इस बुखार के सर्वाधिक मरीज फिजीशियन सहित बाल रोग विभाग में पहुंचे।
बुधवार की सुबह आठ बजे से ही कॉलेज के तीनों पर्चा काउंटर पर मरीजों की कतार लगना शुरू हो गईं थीं। भीड़ अधिक होने के कारण मुश्किलों के साथ मरीजों ने पर्चा बनवाया। इसके बाद चिकित्सकाें के कक्षों के बाहर उन्हें दिखाने के लिए मरीजों की भीड़ जमा हो गई। फिजीशियन कक्ष में डॉ. माधवेंद्र, डॉ. आदर्श यादव ने मरीजों को देख रहे थे। यहां 375 मरीज बुखार, सांस सहित अन्य रोगों के पहुंचे। सर्वाधिक संख्या बुखार के रोगियों को रही।
फिजीशियन ने बताया कि वायरल बुखार के साथ जांच में पीड़ितों के प्लेटलेट्स कम आ रहे हैं। जबकि बाल रोग विभाग में डॉ. पारस द्वारा मरीजों को देखा जा रहा था। यहां 277 बच्चे उपचार के लिए पहुंचे। डॉ. पारस ने बताया कि वायरल बुखार के पीड़ित करीब 45 बच्चे पहुंचे। इसके अलावा कोल्ड डायरिया के 8 बच्चे आए हैं। वहीं अन्य रोगों से ग्रसित बच्चे भी इलाज को पहुंचे। वहीं पैथोलॉजी कक्ष में 270 मरीजों की विभिन्न प्रकार की साढ़े पांच हजार के करीब जांचें की गईं।
दवा काउंटर पर भी रही भीड़
बुधवार को मेडिकल कॉलेज के प्रांगण में सुबह से ही हर ओर मरीजों की भीड़ नजर आ रही थी। चिकित्सक को दिखाने के बाद मरीज दवा काउंटर पर पहुंचे। यहां महिला सहित पुरुषों की अलग-अलग कतारें लगीं थीं। पहले दवा लेने को लेकर यहां मरीजों के बीच दो बार धक्का-मुक्की हुई। बाद में दवा वितरण कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों ने कतार लगवाई। इसके बाद दवा का वितरण किया गया।