एटा। जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह की अध्यक्षता में एटा सदर तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। एटा सदर तहसील में अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्यप्रकाश एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय भी उपस्थित रहे। जनपद की तीनों तहसीलों में कुल 47 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से नौ मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने विभाग से संबंधित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। एटा सदर तहसील में प्राप्त 10 शिकायतों में से दो का तत्काल निस्तारण किया गया। कानून-व्यवस्था से जुड़े प्रकरणों की सुनवाई करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्षों को मौके पर जाकर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तहसील अलीगंज में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व लालता प्रसाद द्वारा 23 प्रार्थनापत्रों की सुनवाई की गई। इनमें पांच का मौके पर निस्तारण कराया गया। तहसील जलेसर में उप जिलाधिकारी भावना विमल द्वारा 14 प्रार्थनापत्रों की सुनवाई की गई, जिनमें से दो का मौके पर निस्तारण कराया गया।