एटा। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि तीन घायल हुए हैं। वहीं हादसे में मृत अज्ञात महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। रविवार को उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
कोतवाली देहात क्षेत्र के अलीगंज रोड स्थित गांव चांदपुर पर 24 मार्च को दो बाइकों की भिड़ंत में विजनेश और विजय घायल हो गए थे। दोनों को अलीगढ़ रेफर किया गया था। जहां उपचार के दौरान रविवार की सुबह विजनेश निवासी गिरौरी थाना कोतवाली देहात ने दम तोड़ दिया। अलीगढ़ में ही पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं विजय निवासी दतेई थाना मिरहची का इलाज चल रहा है।
सुनैना निवासी नगला बैजू थाना जैथरा शनिवार को पति के साथ जा रही थी। तभी बाइक से गिरकर घायल हो गई। अनिल निवासी रसीदाबाद फर्रुखाबाद बाइक फिसलने से घायल हो गया। मिथिलेश कुमारी निवासी कोयला थाना मिरहची अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल हो गईं। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के अंतर्गत मानपुर के समीप सड़क हादसे में बृहस्पतिवार को एक अज्ञात महिला की मौत हो गई थी। तीन दिन बीत जाने के बाद भी कोई उसकी पहचान के लिए नहीं पहुंचा। जिसके बाद उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया।