शहर में जाम की समस्या विकराल होती जा रही है। सड़कों पर होता अतिक्रमण व
ट्रैफिक पुलिस की लापरवाही जाम को बढ़ावा दे रही है। सड़क पर खड़े होकर
सवारियां भरने वाली रोडवेज और प्राइवेट बसें रही सही कसर पूरी कर रही हैं।
इसके चलते आएदिन वाहन चालकों में टकरार भी हो रही है। जीटी रोड, पटियाली
गेट सहित अन्य मार्गों पर हर समय जाम के हालात नजर आते हैं। इस जाम में
फंसकर लोग भी समय बर्बाद कर रहे हैं, लेकिन हल कोई नहीं निकल रहा।
शहर
में हो रहा अतिक्रमण व पल-पल लगने वाला जाम लोगों के लिए मुसीबत बन गया है।
कोई पहर ऐसा नहीं होगा जब लोगों को इस जाम के झाम में फंसकर अपना समय
बर्बाद न करना पड़ रहा हो। अतिक्रमणकारियों ने फुटपाथ तक नहीं छोड़े हैं।
यहां भी उन्होंने सामान आदि रखकर कब्जा कर रखा है, वहीं रही सही कसर हथठेला
वाले व जीटी रोड पर बस स्टैंड के बाहर खड़ी होने वाली रोडवेज व प्राइवेट
बसें पूरी कर रही हैं, जो सवारियाें को भरने के चक्कर में सड़क को जाम कर
रही हैं और आम लोग परेशान हो रहे हैं।
ट्रैफिक पुलिस वाले भी यह खेल देखते
रहते हैं। लेकिन कार्रवाई कुछ नहीं होती। इसके चलते चालकों के हौसले भी
बढ़े हुए हैं। इसके चलते जीटी रोड पर हर समय जाम के हालात बने रहते हैं।
रविवार को भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। इसके अलावा पटियाली गेट, गांधी
मार्केट, ठंडी सड़क, शिकोहाबाद रोड, हाथी गेट, घंटाघर आदि अन्य इलाके भी
ऐसे हैं, जहां पल-पल जाम लगना आम बात है, वहीं अतिक्रमणकारी भी हावी हैं।
जीटी
रोड पर बस स्टैंड के बाहर सवारियां भरने के लिए खड़ी होने वाली रोडवेज
बसों और प्राइवेट वाहनों को वहां से हटवाया जाएगा, साथ ही चालान भी काटे
जाएंगे। जाम न लगे इसके लिए ट्रैफिक पुलिस को भी सख्त निर्देश दिए गए हैं।
-करन सिंह, सीओ सिटी एटा।
20 मिनट तक जीटी रोड पर लगा जाम
एटा।
रविवार की दोपहर जीटी रोड पर बस स्टैंड के बाहर रोडवेज बस मोड़ते समय
मारुति कार उससे भिड़ गई। इस पर मारुति कार सवार व रोडवेज चालक के बीच
नोकझोंक होने के साथ हाथापाई तक हो गई। इसके चलते जीटी रोड पर 20 मिनट तक
जाम लगा रहा। बाद में लोगों ने मामला शांत कर यातायात सुचारु कराया। रविवार
की दोपहर दो बजे के लगभग जीटी रोड पर एक रोडवेज बस का चालक बस को बस
स्टैंड परिसर के अंदर घुमा रहा था, तभी आगे निकलने के चक्कर में एक कार
उससे भिड़ गई। इस पर कार सवार उतरा और बस के चालक से भिड़ गया। इसके चलते
लोगों की वहां भीड़ लग गई। देखते ही देखते दोनों में हाथापाई तक हो गई।
वहीं बीच रोड पर दोनों वाहनों के खड़े हो जाने के चलते जाम भी लग गया। यह
देख वहां मौजूद लोगों ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया, जबकि पुलिस का एक
भी जवान वहां दिखाई नहीं दिया।