एटा। थाना कोतवाली नगर में एक महिला ने शिवा गुप्ता निवासी नामालूम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि आरोपी ने उसके आपत्तिजनक फोटो वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता है।
पीड़िता ने बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से शिवा गुप्ता नाम की आईडी चलाने वाले से उसकी दोस्ती हो गई। लगभग 1 वर्ष तक उसके साथ बातचीत होती रही और मिलना-जुलना भी रहा। इसी बीच मेरे माता-पिता ने गाजियाबाद में मेरी शादी तय कर दी तो मैंने शिवा गुप्ता से कहा कि अब मैं तुमसे बात नहीं करूंगी। इसी बात से वह नाराज हो गया और पिता व भाई को जान से मारने की धमकी देते हुए मुझे अपने साथ जबरदस्ती भगाने के लिए दबाव बनाने लगा।
आरोप लगाया कि जब मैंने उसकी बात नहीं मानी तो 11 दिसंबर 2024 को मेरे विवाह के समय बरात में रुकावट डालने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बरात चढ़वाकर विवाह कराया। विवाह के बाद से ही आरोपी सोशल मीडिया पर मेरी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो अपलोड कर रहा है।
विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देता है। सीओ सिटी अमित कुमार राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जा रही है।