एटा। जिले को जब मेडिकल कॉलेज मिला था तो लोगों को उम्मीद थी कि उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे जनपदों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। जिले में ही अच्छा और सस्ता इलाज मिलेगा, लेकिन यह उम्मीदें टूटती जा रही है। बिना रुपये खर्च किए अच्छे इलाज की आस बेमानी नजर आ रही है। यहां एक रुपये में सामान्य तो रिश्वत लेकर बेहतर इलाज किया जा रहा है। ऐसे ही दो वीडियो और एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। वायरल होते ही कमेंट आना शुरू हो गए। इस पर डीएम ने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
केस एक
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा कहा जा रहा है कि वह अपने मरीज को लेकर मेडिकल कॉलेज आया था। जहां उससे बेहतर इलाज के नाम पर पांच हजार रुपये मांगे गए। कहा कि रुपये देने पर बेहतर उपचार हो जाएगा, नहीं तो कोई देखने और करने वाला नहीं है। वीडियो में युवक कह रहा है कि उसने चार हजार रुपये दिए। कॉलेज का ही कर्मचारी बताया गया है जिसने रुपये लिए हैं।
केस दो
वायरल ऑडियो में एक नर्स पर बेहतर इलाज के नाम पर एक हजार रुपये लेने का आरोप एक युवक लगा रहा है। ऑडियो में पीड़ित का कहना है कि उसने सीएमएस को लिखकर दिया। जहां जांच कर कार्रवाई करने की बात कही गई। ऑडियो में व्यक्ति कह रहा है कि कॉलेज में रुपये देने के बाद भी उपचार नहीं मिला।
केस तीन
सोशल मीडिया पर एक अन्य वीडियो वायरल हुआ है। इसमें इमरजेंसी के ऑपरेशन थिएटर में एक कर्मचारी से इलाज के नाम पर रुपये लेन-देन को लेकर बातचीत की जा रही है। वहीं कर्मचारी कह रहा है कि मोबाइल को जेब में रखकर बात करो। इसमें रिकाॅर्ड न करो।
सोशल मीडिया पर जो वीडियो अपलोड किया गया उसको देखा है। उस पर जवाब भी दिया गया है। मामले की जांच कर दोषी पर कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. विवेक पाराशर, मीडिया प्रभारी मेडिकल कॉलेज