एटा। थाना बागवाला क्षेत्र स्थित काली नदी के किनारे शनिवार तड़के मिले युवती के शव की पहचान सोमवार को भी नहीं हो सकी है, लेकिन नोयडा से एक युवती के लापता होने की जानकारी पर पुलिस ने दौड़ जरूरी लगाई है। पुलिस युवती की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।
युवती की हत्या को लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन जब तक परिजन पहचान नहीं कर लेते हैं। तब तक सच्चाई से पर्दा नहीं उठ सकता। हालांकि सोमवार को पोस्टमार्टम गृह पर कई लोग पहुंचे, यहां एक जैथरा की महिला भी पहुंची थी। उसने अपने नोयडा के परिचित की बेटी के चेहरे से चेहरा मिलने की बात कही, जबकि नोयडा से युवती गायब भी बताई जा रही है। इसको लेकर पुलिस सक्रिय हुई और महिला को लेकर सुबह ही बागवाला पुलिस नोयडा के लिए निकल गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि नोयडा वाली युवती के परिजन पहचान नहीं कर रहे हैं। ऐसे में मामला उलझा नजर आ रहा है, लेकिन सवाल उठ रहे हैं कि अगर जैथरा की महिला काफी हद तक युवती की पहचान कर रही है तो परिजन क्यों नहीं कर रहे। क्या मामला ऑनर किलिंग का है। ऐसे में तमाम बिंदुओं को लेकर जांच की जा रही है पर सफलता हाथ नहीं लगी है।
सीओ सिटी विक्रांत द्विवेदी ने बताया कि एक महिला ने अपने परिचित की युवती होने की कुछ हद तक पहचान की थी, इस पर महिला को लेकर पुलिस नोयडा गई है, लेकिन परिजन युवती की पहचान नहीं कर रहे हैं। ऐसे में मामला उलझ गया है।