एटा। डी-फार्मा कॉलेजाें के संचालन में चल रहे गोलमाल को लेकर बड़ी कार्रवाई की गई है। शासन स्तर से जिले के 10 डी-फार्मा कॉलेजों की एनओसी निरस्त कर दी गई है।
करीब चार महीने पहले शासन स्तर से इस मामले में प्रशासन को जांच करने के निर्देश दिए गए थे। जिस पर प्रशासन ने सभी डी-फार्मा कॉलेजों की जांच कराई। शासन से निर्धारित मानकों का प्रारूप भेजा गया था। जिस पर पड़ताल करते हुए प्रशासन ने रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज दी। प्रदेश के सभी जिलों में इसी तरह से जांच कराई गई। जांच व अन्य प्रक्रिया पूरी होने के बाद शासन ने 427 डी-फार्मा कॉलेजों की सूची जारी की। जिनकी एनओसी निरस्त की गई है।
इनमें दस कॉलेज एटा के भी हैं। सूची आने के बाद कॉलेज संचालकों की धड़कनें बढ़ गई हैं। हालांकि वह लोग किसी तरह का आदेश न मिलने की बात कह रहे हैं। अपर जिलाधिकारी प्रशासन आलोक कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश पर संस्थानों की जांच की गई थी। जिसकी रिपोर्ट शासन को भेजी गई थी। इसके बाद कार्रवाई को लेकर अभी कोई पत्र नहीं मिला है।