एटा। बैंकों के निजीकरण के विरोध में मंगलवार को दूसरे दिन भी कर्मचारियों की हड़ताल जारी रही। लिपिकों ने कोई काम काज नहीं किया। जिसके चलते बैंकों में नकदी लेनदेन के अलावा अन्य कार्य नहीं हो सके। नए खाते खुलवाने, बैंक पासबुक अपडेट कराने आदि के लिए लोगों को परेशान होना पड़ा। दो दिन की हड़ताल समाप्त होने के बाद बुधवार से सामान्य रूप से कामकाज होगा।
मंगलवार को कचहरी रोड स्थित राष्ट्रीयकृत बैंकों में लिपिकों की हड़ताल से खाताधारकों को मुश्किलें उठानी पड़ीं। केनरा बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में सिर्फ नकद निकासी व आहरण का काम किया गया। लिपिक न होने की वजह से लेनदेन का काम बैंक अधिकारियों ने संभाला। अन्य कार्यों के लिए पहुंचे कई खाताधारकों को मायूस लौटना पड़ा। वहीं इलाहाबाद बैंक पूरी तरह बंद रखी गई। इस वजह से ग्राहक परेशान रहे।