एटा। बाजारों में पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। यहां चार पहिया वाहन प्रवेश करते ही मार्ग पर जाम लग जाता है, जबकि दोपहिया वाहनों के दुकानों के बाहर खड़ा होने से भी समस्या होती है। क्षेत्र के प्रमुख बाजार हाथी गेट, घंटाघर, बाबूगंज, मेहता पार्क, गांधी मार्केट के साथ ही जीटी रोड पर भी अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। पैदल चलने वालों को भी निकलने में दिक्कत का सामना करना पड़ता है। सबसे ज्यादा स्थिति तो उस वक्त खराब होती है जब कोई तीन पहिया या चार पहिया वाहन बाजार से निकलता है। त्योहार की खरीदारी करने के लिए पहुंचने वाले लोग अपने वाहनों को खड़ा करने के लिए परेशान रहते हैं।
जीटी रोड पर सड़क पर खड़े होते हैं वाहन
शहर के प्रमुख मार्ग जीटी रोड पर की जगह दोपहिया व चार पहिया वाहनों को खड़े करने के लिए कोई पार्किंग नहीं बनी है। जिससे दुकानदारों व ग्राहकों को अपने वाहन सड़क किनारे ही खड़े करने पड़ते हैं। जिसकी वजह से रास्ता और संकरा हो जाता है। यहां एक चिकित्सक के क्लीनिक व दो मॉल के बाहर लंबी कतार में दोपहिया वाहन खड़े रहते हैं।
हाथी गेट के आसपास बाजार में भी नहीं व्यवस्था
शहर के प्रमुख हाथी गेट बाजार में भी पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। यहां पर खरीदारी करने के लिए आने वाले ग्राहकों को अपने दोपहिया वाहन सड़क पर ही खड़े करने पड़ते हैं। जिसकी वजह से बाजार से लेकर जीटी रोड तक जाम लग जाता है। इसके अलावा जैसे ही बाजार में कोई तीन पहिया या चार पहिया वाहन पहुंचता है तो जाम के हालात बन जाते हैं।
नगर पालिका परिषद की ओर से शहर के प्रमुख बाजार में वाहनों को खड़ा करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था नहीं की गई है। जिससे लोगों को जाम की स्थिति से जूझना पड़ता है। - सोनू कुमार, रामेश्वरपुरम
बाजार में जाम की स्थिति से निपटने के लिए पार्किंग की व्यवस्था प्रशासन को करनी चाहिए, जिससे लोग अपने वाहन सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर आसानी से खरीदारी कर सकें। - विपेंद्र कुमार, छछैना
हाल ही में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। त्योहार की वजह से भीड़ उमड़ रही है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि सड़क किनारे या मुख्य मार्ग पर वाहन खड़ा न करें। इसके अलावा पार्किंग की व्यवस्था भी की जा रही है। - निहाल सिंह, ईओ नगर पालिका
हाथी गेट बाजार में सड़क किनारे अतिक्रमण की वजह से लगा जाम। संवाद