एटा। बाइक सवार अलीगढ़ निवासी दो युवकों को एक वाहन ने बुधवार की रात रौंद दिया। हादसे की खबर मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, यहां एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया जबकि एक को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया।
कोतवाली देहात क्षेत्र के कासगंज रोड स्थित गांव अल्लैपुर के पास बुधवार की रात करीब 10 बजे वाहन के रौंदने से बाइक सवार सतीश कुमार (35) पुत्र टीकम सिंह निवासी मंसई थाना गंगीरी, जिला अलीगढ़ की मौत हो गई। जबकि मृतक के साढ़ू का पुत्र जितेंद्र कुमार (22) निवासी चांदगढ़ी थाना बरला, जिला अलीगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक के ससुर राजाराम निवासी द्वारिकापुरी थाना कोतवाली नगर ने बताया है कि सतीश व जितेंद्र बाइक से हमारे घर आ रहे थे। तभी अज्ञात वाहन ने रौंद दिया था, इसके बाद दोनों बाइक सवार डिवाइडर से जाकर टकरा गए। इसके चलते सतीश की मौके पर ही मौत हो गई, जितेंद्र की हालत आगरा में नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने राजाराम की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
ट्रक ने महिला को कुचला, नाजुक हालत में रेफर
एटा। कोतवाली नगर स्थित रोडवेज बस स्टैंड के पास बृहस्पतिवार की दोपहर करीब एक बजे ट्रक ने वाहन का इंतजार कर रही रेनू देवी (42) पत्नी रामपाल सिंह निवासी नगला बीच थाना पचोखरा जिला फिरोजाबाद को कुचल दिया। हादसे में महिला के शरीर का निचला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, यहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में आगरा रेफर कर दिया है।