एटा। मां दुर्गा की विशेष आराधना का समय आ गया है। मंगलवार से भक्त माता की भक्ति में लीन हो जाएंगे। घरों में कलश स्थापना कर नौ दिनों तक पूर्जा-अर्चना करेंगे। इस साल मां दुर्गा का आगमन घोड़े पर होगा। मंदिरों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। साफ-सफाई के साथ रंगाई-पुताई का कार्य पूरा हो चुका है।
हिंदू व सनातन धर्म में मान्यता है कि ये 9 दिन मां अंबे धरती पर भक्तों के बीच रहती हैं और उनकी पूजा-उपासना से प्रसन्न होकर सभी इच्छाएं व मनोकामना पूर्ण करती हैं। इस समय में कलश स्थापना बहुत ही लाभदायक सिद्ध होगा। इस चैत्र नवरात्रि में अमृत सिद्धि, और सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहा है। शहर के ठंडी सड़क स्थित पथवारी माता मंदिर, जीटी रोड स्थित काली मंदिर, शांति नगर के काली मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों और घरों में पूजा अर्चना होगी। पहला नवरात्र 9 अप्रैल कल से है। इन 9 दिनों में देवी मंदिरों पर मेलों जैसा माहौल रहता है, इसको लेकर पुलिस प्रशासन ने भी तैयारी शुरू कर दी हैं। पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जाने की रणनीति शुरू हो गई है। वहीं पूजा संबंधी मूर्ति से लेकर नारियल व अन्य सामग्री पर महंगाई की मार नजर आ रही है।