एटा। जिले के 10 गोआश्रय स्थलों से संबद्ध चारागाह की भूमि पर नेपियर घास की रोपाई शुरू कराई जा रही है। प्रत्येक आश्रय स्थल पर 0.2 हेक्टेयर भूमि में घास लगाई जाएगी। इसके लिए राजकीय पशुधन एवं कृषि प्रक्षेत्र बाबूगढ़, हापुड़ से प्रति स्थल छह हजार नेपियर रूट्स स्टेम निशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं। चारागाह की जुताई और बुवाई समेत अन्य कार्यों के लिए पशुपालन विभाग ने प्रत्येक गोआश्रय स्थल के बैंक खाते में चार हजार रुपये भेजे हैं।
जिला मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी आरपी शर्मा ने बताया कि योजना का उद्देश्य संरक्षित गोवंश को वर्षभर पौष्टिक हरा चारा उपलब्ध कराना है। नेपियर घास बहुवर्षीय चारा है, जो एक बार लगाने पर छह से सात वर्ष तक चल सकता है। चयनित स्थलों में भदुआ, चाटी रफीपुर, पमास, मलावन, वाहिद बीबीपुर, किन्नौरी खेराबाद, नावली, पैदापुर, महान मई और जैनपुरा शामिल हैं। अन्य गोआश्रय स्थलों में भी रोपाई कराई जाएगी।