नगला सहजन में हुए भीषण अग्निकांड में आधा दर्जन मकान आग की चपेट में आकर जल गए। इससे लाखों की क्षति हुई। एक महिला और मासूम बच्ची सहित चार ग्रामीण झुलस गए। दो भैंस भी झुलस गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ी काफी देर से पहुंची, तब तक ग्रामीणों ने ही आग को बुझाने का प्रयास किया। आग का मंजर देख हर किसी के आंसु छलक पड़े।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अचानक ग्रामीण गंगा सिंह के छप्पर से आग की लपटें उठने लगीं। तेज हवाओं के कारण आग की लपटों ने आस-पास के मकानों को चपेट में ले लिया। आग की चपेट में ग्रामीण मचल सिंह, केशव, पप्पू, ब्रजेश, अमर सिंह, सत्यपाल के मकान में आग लग गई। मकानों पर पड़े छप्परों की आग ने तेजी पकड़ ली। जिससे घरों के छप्पर और अन्य हिस्से आग की चपेट में आ गए।
आग लगने के दौरान केशव के मकान में बच्ची रागिनी सो रही थी। उसकी मां सुनीता घर से बाहर लाने के लिए दौड़कर अंदर गई। वह बच्ची को लेकर बाहर निकल रही थी उसी दौरान जलता हुआ छप्पर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर बच्ची झुलस गई। वहीं केशव की दो भैंस भी आग की चपेट में आकर झुलस गईं। केशव के घर का सारा सामान कपड़े, बर्तन, चारपाई, नकदी जल गया।
आग की तेज लपटों से गांव के ही उन्तेस, रामरहीस भी झुलस गया। आगजनी की भेंट चढ़े आधा दर्जन ग्रामीणों के मकानों में रखा सामान, नकदी, गल्ला, भूसा आदि जल गया। समय से मौके पर दमकल भी नहीं पहुंची। दमकल खराब रास्ते के कारण फंस गई थी तब ग्रामीणों ने इंजन पंप चलाकर आग पर काबू पाया। काफी देर तक आग का तांडव चलता रहा। ग्रामीण आग को फैलने से रोकने के प्रयास करते रहे। नायब तहसीलदार संतोष कुमार, लेखपाल भी मौके पर पहुंच गए। राजस्व टीम ने क्षति का आकलन किया।
पीड़ित को ले जा रहा युवक हुआ चोटिल
आग में झुलसी रागिनी और उसकी मां सुनीता को उपचार को गांव का ही युवक रमन बाइक से पटियाली लेकर गया। रास्ते में नगला खिन्नी गांव के निकट सामने से तेजगति से आ रही दूसरी बाइक से रमन की बाइक भिड़ गई। जिससे रमन भी घायल हो गया। उसे चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।