एटा। एटा महोत्सव के अंतर्गत सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दो दिवसीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन शनिवार को हुआ। इसमें नवोदय विद्यालय और सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीमें चैंपियन रहीं।
शनिवार को सेमीफाइनल और फाइनल मैच खेले गए। पहला सेमीफाइनल मैच अंडर-17 बालक वर्ग में सेंट पॉल्स और ट्यूलिप टीम के मध्य हुआ। इसमें सेंट पॉल ने ट्यूलिप को 30-13 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरा सेमीफाइनल नवोदय विद्यालय की टीम ने जीता। फाइनल में नवोदय ने सेंट पॉल्स की टीम को 26-20 से हराया।
अंडर-14 बालक वर्ग में ट्यूलिप तथा नवोदय के मध्य फाइनल मैच खेला गया। नवोदय ने ट्यूलिप को 18-4 से हराया। ओपन बालिका वर्ग का फाइनल एटा फ्रेंड्स क्लब तथा नवोदय विद्यालय के मध्य खेला गया। इसमें नवोदय विद्यालय ने एटा फ्रेंड्स क्लब को 8-0 से हराकर अपने ग्रुप में चैंपियनशिप हासिल की। अंडर 14 बालिका वर्ग का फाइनल दून पब्लिक स्कूल तथा सेंट पॉल्स स्कूल के मध्य हुआ। इसमें सेंट पॉल्स की टीम 4-0 से जीतकर विजेता बनी।
अंडर-17 बालिका वर्ग में सेंट पॉल की टीम नवोदय की टीम को 3-0 से हराकर विजेता बनी। विजेता टीमों को पुरस्कार स्वरूप मेडल तथा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जिला बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष धीरेंद्र चौहान, सचिव सुमन सिंह, वरिष्ठ अध्यक्ष स्वागत पचौरी, संयुक्त सचिव देवेश पाल सिंह, दिनेश चौधरी, मोनिका सिंह मौजूद रहे। निर्णायक की भूमिका अजीत सिंह, ओमेंद्र प्रताप सिंह, महेश प्रताप सिंह, मुकेश कुमार तथा सोमेंद्र ने निभाई।