हिंदू महासभा नेता की टिप्पणी से मुसलिम समुदाय के लोगों में आक्रोश है। नगर की दरगाह शरीफ खानकाहे बरकातिया जामा मस्जिद में जुमा नमाज के बाद शुक्रवार को खानकाह के सज्जादानशीन सैयद नजीब हैदर ने हिंदू महासभा के नेता कमलेश तवारी को फांसी देने की मांग करते हुए राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
सैयद नजीब हैदर ने कहा कि कमलेश तिवारी जैसे लोग देश के लिए खतरा हैं और ऐसे लोगों पर सरकार को अंकुश लगाना चाहिए। जब तक सरकार कमलेश के खिलाफ फांसी की सजा तय नही करेगी मुसलमान चुप नही बैठेगा। जामिया अहसनुल बरकात के प्रधानाध्यापक मौलाना इकबाल अहमद नूरी ने कहा कि देश में आए दिन कुछ अराजकतत्व मुसलमानों के जज्बात से खिलवाड़ कर मुल्क के हालात बिगाड़ने की कोशिश में लगे हुए हैं। सरकार को चाहिए कि ऐसे लोगों पर कार्रवाई करे। जामिया के उस्ताद कारी कौसर अली ने कमलेश तिवारी को फांसी देने की मांग की। राष्ट्रपति, राज्यपाल के नाम ज्ञापन देकर हिंदू महासभा नेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।