जलेसर (एटा)। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जहां हिंदू-मुस्लिम समुदाय में खाई देखी जा रही है वहीं, कस्बे में ब्राह्मण परिवार ने मुस्लिम लड़की का कन्यादान कर नई मिसाल पेश की। विवाह का खर्चा उठाकर अपने घर से ही लड़की की विदाई की। सरस्वती शिशु मंदिर में वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न हुआ। मोहल्ला अकबरपुर हवेली निवासी मो. पप्पन खां की दो बेटियों रबिया नाज एवं गुलफशां नाज की शादी तय हो गई थी, पप्पन खां पर इंतजाम न हो पाने पर उन्होंने यह बात प्रमोद कुमार उपाध्याय चिरगवॉं वालों को बताई। प्रमोद कुमार उपाध्याय के भाई दिलीप उपाध्याय उर्फ लाला ने गुलफ शां की शादी का पूरा खर्च स्वयं उठाया। निकाह के साथ दूल्हा-दुल्हन ने हिंदू रीति के अनुसार एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। भोजन भी सात्विक रखा गया। निकाह मंगलवार को हुआ था। संवाद