एटा। नगर पालिका ने अनुपम व्यावसायिक कॉम्पलेक्स में पुराने आवंटियों को दुकान व हॉल खाली करने के लिए नोटिस थमा दिए हैं। सोमवार को पालिका की ओर से पुराने आवंटियों की दुकानों के बाहर नोटिस चस्पा किए।अनुपम व्यावसायिक कॉम्पलेक्स में करीब 287 दुकानों का आवंटन दोबारा से किया जा रहा है। पहले की आवंटन प्रक्रिया को रद्द कर पुराने आवंटियों को नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के निर्देश दिए हैं। इसमें पुराने आवंटियों द्वारा रुचि नहीं ली जा रही है। नगर पालिका परिषद की ओर से दुकानों के आवंटन के लिए बुधवार को नीलामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी, लेकिन करीब 15 पुराने आवंटी ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक नीलामी प्रक्रिया के लिए आवेदन तक नहीं किया है। ऐसे आवंटियों को दुकान खाली करने या फिर नीलामी प्रक्रिया भाग लेने के लिए नोटिस दिया गया है।
कोर्ट स्टे के बाद भी खाली कराने के नोटिस
नगर पालिका परिषद द्वारा अनुपम व्यावसायिक कॉम्पलेक्स में बनी दुकान संख्या 4,6 और 9 पर सिविल कोर्ट का स्टे है। कोर्ट ने अग्रिम आदेश तक यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश जारी किए हैं, उसके बाद भी पालिका द्वारा इन दुकानों को खाली कराने या फिर नीलामी में भाग लेने के लिए नोटिस जारी कर दिया है।