एटा। परिषदीय स्कूलों में सोमवार से अव्यवस्थाओं के बीच वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गईं। परीक्षा में पहले दिन कई स्कूलों में प्रश्नपत्र न पहुंचने तो कई स्कूलों में प्रश्न पत्र कम निकले। इस पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र लिखकर दिए तब जाकर विद्यालयों में परीक्षाएं हो सकीं।
जिले में 1691 परिषदीय स्कूल संचालित हैं। यहां करीब एक लाख 69 हजार के करीब विद्यार्थी पढ़ते हैं। सोमवार से विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षाएं शुरू हुईं हैं। कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों का मौखिक प्रश्न पत्र सभी विषयों का था।
जबकि कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों का कृषि, गृह, शिल्प कला का प्रश्न पत्र था। इस दौरान निधौली कलां सहित मारहरा व शीतलपुर ब्लॉक क्षेत्र के कई विद्यालयों में प्रश्न पत्र नहीं पहुंचे। वहीं कई विद्यालयों में प्रश्न पत्रों की संख्या कम रहीं। निधौली कलां के कई स्कूलों में सुबह पाली में अध्यापकों ने ब्लैक बोर्ड पर प्रश्न पत्र को लिखा।