एटा। रिजोर थाना क्षेत्र के गांव कुरीना दौलतपुर में एक किशोर ने मां को फोन का लॉक खोलकर नहीं दिया। इस पर मां ने उसे डांट दिया। इसी बात से आहत होकर किशोर ने घर पर रखा हुआ कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन मेडिकल कॉलेज लाए। चिकित्सक ने आगरा रेफर कर दिया।
गांव कुरीना दौलतपुर निवासी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि वह दिल्ली में रहकर नौकरी करते हैं। शनिवार की देर शाम बेटा अंशू गेम खेल रहा था। दूसरा फोन भी उसके पास था। उसकी मां ने कहा कि कॉल करनी है, फोन का लॉक खोल कर मुझे दे दो। गेम खेलने में मशगूल अंशू ने फोन का लॉक खोलकर मां को नहीं दिया। यह देखकर मां ने उसको डांट लगा दी।
बेटा वहां से उठ कर चला गया। अंदर कमरे में फसल में लगाने वाली कीटनाशक दवा रखी थी, अंशू ने उसमें से कुछ दवा निकालकर पी ली और लेट गया। जब हालत बिगड़ी तो उसने परिजन को जानकारी दी, मां और मामा उसको लेकर रात में मेडिकल कॉलेज आए। हालत अधिक बिगड़ती देख चिकित्सक ने आगरा रेफर कर दिया।