एटा। जमीन का सौदा तय करने के बाद 17 लाख से अधिक रकम ले ली और धोखाधड़ी करके बैनामा दूसरे के नाम कर दिया गया। इस मामले में मां-बेटियों और दामाद सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोतवाली देहात में जुगेंद्र सिंह निवासी नगला गलू ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। कहा कि चाची भगवान देवी से तीन बीघा 15 डेसीमल जमीन का सौदा 33.50 लाख में 15 अप्रैल 2021 में तय हुआ था।
इसके बाद 17 लाख 50 हजार रुपये चाचा, इनकी बेटी मधू पत्नी श्रीकृष्ण निवासी गहेरी थाना एका जिला फिरोजाबाद, दूसरी बेटी नीरज देवी पत्नी प्रवीन कुमार निवासी मेहमदपुरा थाना सिकंदराराऊ जिला हाथरस और इनके भाई धर्मपाल सिंह निवासी नौहारी थाना अवागढ़ के सामने दिए गए। इसके बाद जमीन का बैनामा करने पर शेष रकम देना तय हो गया। इसके बाद बैनामा की कहने पर टालमटोल की जाने लगी, तब पंचायत की गई, इसमें कहा कि 25 जून 2022 को बैनामा कर दिया जाएगा। समय आने पर बैनामा के लिए कहा तो फिर टालमटोल की गई।
24 अगस्त को अनिल कुमार, अरविंद कुमार और विपिन कुमार निवासीगण नगला गलू के नाम धोखाधड़ी करके बैनामा कर दिया। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि जमीन का बयाना लेने के बाद धोखाधड़ी करके रकम को हड़पा गया है। मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।