जलेसर तहसील में प्रार्थनापत्र दिखातीं मोहन देवी।
- फोटो : जलेसर तहसील में प्रार्थनापत्र दिखातीं मोहन देवी।
जलेसर (एटा)। क्षेत्र के गांव फाजिलपुर की मोहन देवी कागजों में मृत हैं। एक साल से खुद के जीवित होने का प्रमाण दे रही हैं। उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। शनिवार को समाधान दिवस में एडीएम वित्त एवं राजस्व लालता प्रसाद के सामने पेश होकर अपनी व्यथा बताई।
मोहन देवी ने बताया वर्ष 2003 में क्षेत्र के गांव चिरगांव के चिरंजीलाल से उन्होंने दो बीघा जमीन खरीदी थी। 2015 में तहसील के तत्कालीन राजस्व निरीक्षक एवं अन्य कर्मचारियों ने उनको सरकारी अभिलेखों में मृत दर्शा दिया। किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए उन्होंने तहसील से फर्द निकलवाई तो उसमें चिरगांव के लोगों के नाम दर्ज देख दंग रह गईं। तभी से वह खुद को जीवित होने का प्रमाण दे रही हैं। एडीएम ने एसडीएम जलेसर भावना विमल से इस प्रकरण की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई को कहा है।