एटा में बैग व सुसाइट नोट मिलने के मामले में नया मोड़ आया है। लापता युवक की मोबाइल लोकेशन गुरुग्राम मिल रही है। भाई ने बताया कि वह पहले भी आत्महत्या करने का नाटक रच चुका है।
उत्तर प्रदेश के एटा में हजारा नहर में रविवार को एक युवक का बैग मिला। उसमें सुसाइड नोट भी मिला। तब से परिवार के लोग परेशान हैं। सोमवार को इस मामले में हैरान करने वाली बात सामने आई है। लापता युवक के फोन की लोकेशन गुरुग्राम में मिली है। उधर पुलिस गोताखोरों की मदद से नहर में भी उसकी तलाश कर रही है। अब लोकेशन इतनी दूर मिलने पर मामले में आशंकाए बढ़ गई हैं।
विज्ञापन
मामला मिरहची थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव का है। गांव निवासी अमित रविवार से लापता है। रविवार को उसका बैग और सुसाइड नोट नहर की पटरी पर मिला था। सोमवार की सुबह तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने पीएसी गोताखोरों की मदद से नहर में तलाश की। लेकिन कोई लाभ न हुआ।
पुलिस ने जब उसकी फोन लोकेशन ट्रेस की तो हैरान करने वाला मामला सामने आया। उसके मोबाइल की लोकेश गुरुग्राम में मिली है। इसको लेकर रहस्य बना हुआ है। वहीं नहर में बड़ी संख्या में मगरमच्छ होने की वजह से स्थानीय गोताखोर पानी में उतरने से कतरा रहे हैं।
थाना प्रभारी सुभाष चंद्र कठेरिया ने बताया कि युवक की तलाश के लिए एसएसपी से फ्लड यूनिट टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाने के लिए मांग की गई है। टीम के पहुंचते ही सर्च किया जाएगा। बताया कि अमित के भाई कप्तान ने बताया है कि अमित ने दो दिन पहले एक नई सिम ली है। इसकी करंट लोकेशन ग्रुरुग्राम की आ रही है। युवक पहले भी आत्महत्या करने का नाटक कर चुका है। उसके मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। पुलिस उसकी सकुशल बरामदगी के लिए गुरुग्राम भी जाएगी।