कलेक्ट्रेट सभागार में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्ट फोन वितरण करते जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिं
- फोटो : गैस एजेंसी के बाहर लगी उपभोक्ताओं की भीड़। संवाद
एटा। बाल विकास सेवा व पुष्टाहार विभाग की ओर से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आंगनबाड़ी सशक्तीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लोक भवन लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, एमएलसी आशीष यादव आशू व नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सुधा गुप्ता समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जिले में आंगनबाड़ी सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से 462 आंगनबाड़ी सहायिकाओं और 7 कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। वहीं 45 आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण तथा 3 नए आंगनबाड़ी केंद्रों व जलेसर के एक बाल विकास परियोजना कार्यालय का शिलान्यास किया गया।
डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए 1864 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन भी प्रदान किए गए जिससे बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की डिजिटल मॉनिटरिंग व अधिक प्रभावी हो सकेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी सेवाएं सिर्फ नौकरी नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं और सरकार ने चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी व ऑनलाइन बनाकर योग्य अभ्यर्थियों को अवसर प्रदान किया है।
मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा ने कुपोषण मुक्त समाज निर्माण को सरकार की प्राथमिकता बताई। जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय सिंह, संजीव पचौरी सहित अधिकारी, कर्मचारी, सुपरवाइजर एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।